बरसठी | थाना क्षेत्र के चकमलाई गांव स्तिथ अस्थाई गौशाला में बीती रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे अस्थाई गौशाला में गोवंशो को खाने के लिए रखा भूसा व पुआल जलकर खाक हो गया। आग की लपटें देखकर ग्रामीण बुझाने के लिए दौडे। लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि, आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
उक्त गांव में अस्थाई गोशाला संचालित है। जिसमे करीब 160 से अधिक गाय व बैल है। गौशाला यहां पर चारा रखने की व्यवस्थित जगह न होने के कारण गोवंशो का चारा-भूसा व पुआल खुले मैदान में रखा जाता था। रविवार की रात अचानक रखे पुआल व भूसे में आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीणो में हडकंप मच गया। आग बुझाने के लिए बडे तादाद में ग्रामीण गौशाले की ओर भागे। पानी डालकर ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग बुझने के बजाय लगातार बढती जा रही थी। ग्रामीण जब तक आग बुझा पाने में सफल हुए तब तक गौशाला में रखा लगभग दो लाख रुपए का चारा जलकर राख हो गया।
गांव के प्रधान प्रतिनिधि दीपक तिवारी ने बताया कि, गौशाला तो बनी है, लेकिन चारा-भूसा रखने के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है। गौशाला के आस-पास नशेड़ियों का अड्डा लगा रहता है। इसी बीच अचानक आग लगने से पूरा भूसा व पुआल जलकर खाक हो गया है। अब गोवंशो के खाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। वही घटना की लिखित सूचना ग्राम प्रधान चमेला देवी ने पुलिस और ब्लॉक अधिकारियों को दी है।