जौनपुर। कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ 18 दिसंबर को विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन प्रदेश व्यापी होगा और इसके तहत पार्टी के कार्यकर्ता लखनऊ स्थित विधानसभा पहुंचकर प्रदेश सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। इस संबंध में कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक नदीम जावेद के आवास पर आज एक बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी नेताओं ने इस आंदोलन की रूपरेखा तैयार की।
पूर्व विधायक नदीम जावेद ने बैठक में बताया कि 18 दिसंबर को होने वाला प्रदर्शन एक विशाल आंदोलन होगा, जिसमें प्रदेश भर के कार्यकर्ता भाग लेंगे। कांग्रेस पार्टी ने अपने महत्वपूर्ण नेताओं को विभिन्न जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है और अमेठी के एमएलसी दीपक सिंह को जौनपुर का जिम्मा सौंपा गया है।एमएलसी दीपक सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा पीड़ितों के साथ खड़ी रही है और यह विधानसभा घेराव इस कारण किया जा रहा है क्योंकि प्रदेश में अपराधों की बढ़ती घटनाओं को सरकार दबाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लोकतंत्र और मीडिया की आवाज को दबाने का काम कर रही है और इस तरह से उत्तर प्रदेश के लोगों की समस्याओं को दबा दिया जाता है। दीपक सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए आवाज उठाएगी और 18 दिसंबर को विधानसभा घेराव के माध्यम से इस अभियान की शुरुआत करेगी। यह अभियान 2027 तक चलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्र भारत में भाजपा सरकार के दौरान विरोध प्रदर्शन, मार्च और यात्रा करने पर रोक लगाई जा रही है, जो कि पहले कभी नहीं हुआ था। उन्होंने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए कहा कि इंदिरा गांधी, जवाहरलाल नेहरू और राजीव गांधी जैसे नेताओं के समय में काला झंडा दिखाने वालों को भी सम्मान दिया जाता था और उन्हें चाय पिलाई जाती थी।