मां के साथ सो रही मासूम रहस्यमय तरीके से लापता,मचा हड़कंप

वन विभाग की टीम जांच में जुटी, तेंदुए के पाये गये पदचिन्ह

0 6

कर्नलगंज, गोण्डा। तहसील के परसपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी मां के साथ छत पर सो रही एक नौ माह की मासूम बच्ची रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। कुछ देर बाद जब मां की नींद टूटी तो बच्ची को गायब देखकर उसके होश उड़ गए और परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस की डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए। वहीं वन विभाग की जांच में तेंदुए के पदचिन्ह पाए गए हैं। तेंदुए की आहट से गांव में हड़कम्प मच गया है और पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है‌।
घटना थाना परसपुर क्षेत्र से जुड़ी है। यहां के अभईपुर के मजरा मेहरबानपुरवा के रहने वाले सीताराम गौतम के मुताबिक शनिवार की रात परिवार के लोग घर पर सो रहे थे। बहू अपनी नौ महीने की बेटी सगुन के साथ छत पर सो रही थी। रात में सगुन रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। कुछ देर बाद बहू की नींद टूटी तो बेटी को लापता देखकर उसके होश उड़ गए। उसके शोर मचाने पर परिवार व गांव के लोग दौड़े और घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग को दी गई।

मौके पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज डॉक्टर उमेश्वर प्रभात सिंह, थानाध्यक्ष दिनेश सिंह, वन दारोगा डीएन सिंह व वन सुरक्षा प्रहरी राजेन्द्र मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच पड़ताल की। लापता बच्ची की तलाश के लिए पुलिस की डॉग स्क्वायड व फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में जुट गई।

ग्रामीणों ने तेंदुए द्वारा बच्ची को उठा से जाने की आशंका जताई है‌। वन विभाग की टीम को भी जांच में तेंदुए के पदचिन्ह मिले हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश सिंह ने तेंदुए के पदचिन्ह मिलने की पुष्टि की है। वहीं तेंदुए की आहट से गांव में हड़कम्प मच गया है और पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है‌।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.