पत्रकार दिलशाद अहमद सानू
बदलापुर (जौनपुर) बदलापुर विधानसभा क्षेत्र के लिए रेलवे विभाग की ओर से एक महत्वपूर्ण सौगात मिली है. हरपालगंज रेलवे स्टेशन (सिंगरामऊ) पर मेमो ट्रेन तथा सरायहरखू रेलवे स्टेशन पर शटल ट्रेन के ठहराव की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है. इस निर्णय से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी. विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने बताया कि गत 20 मई 2026 को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर दोनों स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी गई थी. उस दौरान रेल मंत्री ने 15 दिनों के भीतर इस संबंध में सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया था.
अब दोनों ट्रेनों के ठहराव की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है. विधायक ने इस निर्णय के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को विशेष लाभ मिलेगा. उन्होंने कहा कि रेलवे सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी. ट्रेनों के ठहराव की स्वीकृति मिलने की सूचना पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए इसे बदलापुर विधानसभा के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है. विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से केंद्रीय रेल मंत्री के प्रति पुनः आभार प्रकट किया है.












