Advertisement

रामपुर सब्जी मंडी से अतिक्रमण हटाया, पॉलिथीन के खिलाफ भी चला अभियान

रिपोर्ट पत्रकार वेद प्रकाश शुक्ला 

रामपुर, जौनपुर। नगर पंचायत रामपुर क्षेत्र स्थित सब्जी मंडी में लंबे समय से फैले अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए बुधवार को प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान चलाया। अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह के नेतृत्व में नगर पंचायत एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई के दौरान मंडी क्षेत्र में बने अस्थायी कब्जों को हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अभियान के दौरान प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक बाबूराम बिंद, उपनिरीक्षक इस्लाम तथा पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ नगर पंचायत द्वारा पॉलिथीन के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रतिबंधित पॉलिथीन के उपयोग के प्रति लोगों को जागरूक किया गया तथा नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। अभियान में वरिष्ठ लिपिक मनीष कुमार मिश्रा, मनीष शुक्ला, राम आसरे तथा बृजेश विश्वकर्मा सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे और कार्रवाई में सहयोग किया।

अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि सब्जी मंडी क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार नोटिस और चेतावनी दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि मंडी क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त होने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को सुविधा मिलेगी।

Amanki Shaan News