जौनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन योजना के अंतर्गत विकास भवन परिसर में स्थापित उन्नति ग्रीन कैफे का शुभारंभ प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उन्नति ग्रीन कैफे रोजगार सृजन के साथ-साथ महिलाओं की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के डिप्टी कमिश्नर जितेंद्र प्रताप सिंह तथा जिला मिशन प्रबंधक गुलाब चंद सरोज सहित विकास भवन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने कैफे का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा संचालित इस पहल की सराहना की। अधिकारियों ने बताया कि उन्नति ग्रीन कैफे के माध्यम से स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे समूहों की महिलाओं को स्थायी रोजगार और आय का स्रोत प्राप्त होगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस पहल को ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।













