Advertisement

पुलिस मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल

 

जौनपुर। नेवढ़िया और जलालपुर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नेवढ़िया थाना पुलिस संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग करते हुए सीतमसराय की ओर भागने का प्रयास किया।

सूचना मिलते ही नेवढ़िया व जलालपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सीतमसराय क्षेत्र में घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसका साथी मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार घायल बदमाश की पहचान अरविन्द राजभर उर्फ मंगनू उर्फ मेवालाल राजभर निवासी जयरामपुर, थाना मड़ियाहूं के रूप में हुई है। फरार आरोपी की पहचान महेश यादव उर्फ छोटू निवासी महरेवां, थाना जलालपुर के रूप में बताई गई है।

पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस तथा एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Amanki Shaan News