जौनपुर। मड़ियाहूँ थाना क्षेत्र में महिला की निर्मम हत्या कर शव के टुकड़े कर अलग-अलग स्थानों पर फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 14 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को हुई मुठभेड़ में मुख्य आरोपी हेमल खखरिया उर्फ दिलीप को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त चाकू व गड़ासा, मृतका का शेष कटा हुआ अंग, मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 5 जुलाई को रानीपुर बाईपास (भदोही मार्ग) के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिला था। मामले की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना से जुड़ा संदिग्ध व्यक्ति रामनगर ब्लॉक गेट की ओर आ रहा है।
पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने मृतका की पहचान रेशमा खाँ उर्फ सना के रूप में बताते हुए स्वीकार किया कि वह उसे 4 जुलाई को बाबतपुर (वाराणसी) से मड़ियाहूँ स्थित अपने किराये के कमरे पर लाया था। मोबाइल चैट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने सोते समय चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने गड़ासे से शव के हाथ-पैर काटकर तीन हिस्सों में बांट दिया और अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार, धड़ की बरामदगी के बाद आरोपी शेष अंगों को हटाने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में थाना मड़ियाहूँ में हत्या, साक्ष्य मिटाने, पुलिस पर फायरिंग तथा आर्म्स एक्ट की धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए गए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूँ के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह के नेतृत्व वाली पुलिस टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।












