Advertisement

पुरानी बाजार में जर्जर भवन बना मौत का साया, 24 घंटे आवाजाही के बीच मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग

 

जौनपुर। नगर कोतवाली थाना क्षेत्र मखदूम शाह बड़े पुरानी बाजार स्थित मल्हनी रोड पर एक जर्जर दो मंजिला भवन लोगों की जान के लिए गंभीर खतरा बन गया है। इस संबंध में एक स्थानीय नागरिक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रार्थना पत्र भेजकर भवन की तत्काल जांच कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत में बताया गया है कि भवन का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह जर्जर हो चुका है।

दीवारों में गहरी दरारें पड़ गई हैं और लगातार हो रही बारिश के कारण उसके कभी भी भरभराकर गिरने की आशंका बनी हुई है। यदि ऐसा हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है, क्योंकि यह क्षेत्र शहर का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां 24 घंटे लोगों का आना-जाना लगा रहता है।

बताया गया है कि इसी भवन के भूतल पर पिछले लगभग 34 वर्षों से जनरल स्टोर एवं मोबाइल रिचार्ज सेंटर संचालित हो रहा है।

शिकायतकर्ता मोहम्मद दानिश पुत्र स्वर्गीय मो० हाशिम का कहना है कि कई बार भवन स्वामी से जर्जर दीवार और लटक रहे मलबे को हटाने का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन के आसपास कई विद्यालय स्थित हैं, जिसके कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, अभिभावक, राहगीर और वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं। ऐसे में जर्जर भवन किसी भी समय बड़ी जनहानि का कारण बन सकता है।

प्रार्थना पत्र में मुख्यमंत्री से भवन की तकनीकी जांच कराकर उसे सुरक्षित कराने अथवा आवश्यकतानुसार ध्वस्त कराने सहित संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से अपील की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Amanki Shaan News