Advertisement

दीपक विश्वकर्मा हत्याकांड में परिजनों ने की SIT जांच की मांग

परिजनों ने दोषियों की गिरफ्तारी, लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और 50 लाख मुआवजे की मांग

जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के मुजक्कीपुर गांव निवासी दीपक विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में परिजनों और ग्रामीणों ने निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। अधिकारियों को सौंपे गए मांग-पत्र में मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित करने, दोषियों की गिरफ्तारी और गुमशुदगी के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की गई है।

मांग-पत्र के मुताबिक दीपक विश्वकर्मा 30 अगस्त की रात करीब दो बजे के बाद लापता हो गए थे। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू करने के साथ खुटहन थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बावजूद एक सितंबर को घर से करीब 700 मीटर दूर खेत में उनका शव बरामद हुआ। परिस्थितियों को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

परिजनों का आरोप है कि गुमशुदगी की सूचना के बाद पुलिस ने समयबद्ध और प्रभावी तरीके से तलाश नहीं की। इसे लेकर परिवार और ग्रामीणों में नाराजगी है। मांग-पत्र में इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।

परिजनों ने मृतक की पत्नी को 50 लाख रुपये आर्थिक सहायता, पात्रता के अनुसार ग्रामसभा की भूमि का पट्टा और परिवार के प्रमुख सदस्यों को पुलिस सुरक्षा देने की भी मांग की है।

इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन, सीडीआर, सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की गहन जांच कराने पर जोर दिया गया है। परिजनों ने कहा कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। किसी निर्दोष को फंसाया न जाए और वास्तविक दोषियों को बख्शा न जाए।

Amanki Shaan News