Advertisement

रेलवे ट्रैक किनारे अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार वाराणसी-लखनऊ रेल मार्ग पर शिव गुलामगंज के पास सुबह करीब पांच बजे स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के समीप एक महिला का शव पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक कोशिश के बावजूद महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी।

पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र लगभग 50 वर्ष बताई जा रही है। वह पीले रंग की साड़ी और काले रंग का छींटदार ब्लाउज पहने हुई थी। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल स्थित शवगृह में रखवा दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं पुलिस मृतका की पहचान कराने और घटना की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी हुई है।

Amanki Shaan News