जौनपुर जनपद में युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से मिशन रोजगार अभियान के तहत 29 मई को राजकीय आईटीआई सिद्दीकपुर परिसर में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में कई निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और हाईस्कूल से लेकर स्नातक तक के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर नियुक्ति की जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि निदेशक सेवायोजन उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर 29 मई 2026 को सुबह 10 बजे से राजकीय आईटीआई सिद्दीकपुर, जौनपुर में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में आरएसटी ग्रुप ऑफ सर्विस, ब्राइट फ्यूचर ऑर्गेनिक हर्बल एंड आयुर्वेदिक, डस्की स्टैलियन एजुकेशन एंड ट्रेनिंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड सहित कई निजी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार दे सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला सेवायोजन अधिकारी ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, आईडी प्रूफ और बायोडाटा के साथ रोजगार मेले में प्रतिभाग करें। साथ ही सेवायोजन विभाग के वेब पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in�
पर पंजीकरण कर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है।













