Advertisement

विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न

 

जौनपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों के क्रम में रविवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक संपन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निर्वाचन से संबंधित दायित्वों का पूरी गंभीरता, तत्परता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन की तैयारियों में मतदान केंद्रों की स्थिति, उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा संवेदनशीलता का आकलन अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी अधिकारी अपने आवंटित क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों में वल्नरेबल एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों का चिन्हांकन प्राथमिकता के आधार पर करें। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट आगामी दो दिनों के भीतर अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर वहां सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता का सत्यापन करें तथा निरीक्षण आख्या जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराएं।

उन्होंने मतदान केंद्रों के निरीक्षण के दौरान भवन की स्थिति, पर्याप्त कमरों की उपलब्धता, खिड़की-दरवाजे, विद्युत व्यवस्था तथा महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों की उपलब्धता एवं क्रियाशीलता की विशेष रूप से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त होनी चाहिए, जिससे मतदान के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मतदान केंद्रों के आसपास रहने वाले स्थानीय ग्रामीणों एवं नागरिकों से संवाद स्थापित करने को कहा जिससे पिछले निर्वाचन के दौरान आने वाली बाधाओं अन्य स्थानीय समस्याओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा सके। प्राप्त फीडबैक के आधार पर समस्याओं का समय रहते निराकरण कराया जाए, जिससे निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्री नरेन्द्र बहादुर सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री परमानंद झा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Amanki Shaan News