जौनपुर। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के शाभसपुर गांव के पास मंगलवार को सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए बुजुर्ग ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार शाभसपुर गांव निवासी रंजीत यादव (70) पुत्र बालाजी यादव मंगलवार को गांव के पास पैदल जा रहे थे।
इसी दौरान किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।











