Advertisement

ग्राम पंचायतों में विशेष जनसंपर्क व जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

जौनपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में चल रहे समेकित जन कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत ग्राम सभाओं की बैठकें आयोजित कर मलिन बस्तियों में संवाद स्थापित किया गया तथा “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत जन समस्या समाधान शिविर लगाए गए।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि 8 जून से 14 जून तक संचालित इस अभियान के दौरान ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। मलिन बस्तियों में आयोजित खुली बैठकों में लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

अभियान के तहत स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए ग्राम पंचायतों में विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया। सर्वाधिक अस्वच्छ सार्वजनिक स्थलों को चिन्हित कर वहां व्यापक सफाई कराई गई। साथ ही “प्लास्टिक मुक्त तालाब अभियान” के अंतर्गत तालाबों से प्लास्टिक कचरा हटाकर उनके सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया।

अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान लगभग 100 कुंतल से अधिक प्लास्टिक अपशिष्ट एकत्रित किया गया, जिसका समुचित निस्तारण सुनिश्चित कराया गया। प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जन-जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच को और प्रभावी बनाना है।

Amanki Shaan News