निर्धारित मार्गों से ही निकलेंगे जुलूस, नई परंपराओं पर रोक; सुरक्षा, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए गए निर्देशन
जौनपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी समुएल पाल एन. एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने की।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मुहर्रम के सभी जुलूस पारंपरिक एवं निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं तथा किसी भी नई परंपरा को अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और विद्युत आपूर्ति की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मुहर्रम के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत रखने, एम्बुलेंस तथा सीएचसी-पीएचसी केंद्रों को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए। वहीं विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा लोक निर्माण विभाग और जल निगम को जुलूस मार्गों की आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा।
नगर निकायों को स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने जुलूसों में स्वयंसेवकों की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही नेहरू युवा केंद्र और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों की भागीदारी बढ़ाने तथा तहसील स्तर पर तैयारियों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने कहा कि जनपद में पूर्व के सभी पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए हैं और मुहर्रम भी पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी तथा ताजियों की ऊंचाई और चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाएगी।
एसपी ने बताया कि पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी सूचना या समस्या के लिए पुलिस और प्रशासन 24 घंटे उपलब्ध रहेगा।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
“पत्रकार दानिश इक़बाल”










