जौनपुर। बदलापुर कोतवाली में सोमवार के दिन दो पक्षों की महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हो गई। उसी दौरान दोनों पक्ष की महिलाओं के बीच जमकर लात घूंसे चलें। मारपीट के दौरान वहां मौजूद महिला पुलिस कर्मियों ने किसी तरह बचाव कर महिलाओं को काबू में किया।
इस मारपीट में कुल आठ महिलाओं समेत नौ लोगों के घायल होने की जानकारी प्राप्त हुई है। फिल्हाल पुलिस ने इस मारपीट के मामले में एक नामजद समेत 16 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्यवाही में जुट गई है।
पूरा मामला कुछ इस प्रकार का है। बदलापुर खुर्द गांव के संजय कुमार की पत्नी गेना देवी ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव में सात महीने पहले सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के डेहुड़ा गांव निवासी आनंद कुमार निषाद ने संपर्क कर कहा मैं रूटपूरे मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत हूं। आप सब 16 हजार 700 सौ रुपये देकर कंपनी से जुड़ जाइए। सबके खाते में पांच से दस हजार रुपये प्रति माह आने लगेगा।
उस व्यक्ति के झांसे में आकर गांव की महिलाओं व एक पुरुष उक्त धनराशि देकर जुड़ गए। सात महीने के बाद रविवार की शाम आनंद निषाद फिर वह कुछ साथियों के साथ उसी गांव में गया और कहा कि आप लोग कुछ और लोगों को जोड़कर टीम को मजबूत कीजिए। इस पर महिलाओं ने आक्रोशित होकर आनंद को घेर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाया।
सोमवार के दिन कोतवाली में दोनों पक्षों की महिलाओं में बहस हो गई और बात इतनी बढी कि वह आपस में मारपीट करने लगीं। इस मारपीट में एक पक्ष से गेना देवी, कमला, मालती, रीमा, नीलम, बिंदू, संजू, सुशीला व संदीप घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
कोतवाली परिसर में महिलाओं के आपस में मारपीट की इस घटना को लेकर थाना प्रभारी फूलचंद पांडेय ने बताया गेना देवी की तहरीर पर आनंद कुमार निषाद सहित 16 अज्ञात के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।










