“पत्रकार दानिश इकबाल”
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के शेखअशरखपुर गांव में चकमार्ग निर्माण की मांग को लेकर नाराज एक युवक गुरुवार सुबह करीब 8 बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत और समझाइश के बाद युवक टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ। प्रशासनिक अधिकारियों ने उसकी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित चकमार्ग के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद युवक सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद क्षेत्रीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर चकमार्ग निर्माण का कार्य भी प्रारंभ करा दिया। घटना के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं हुई और प्रशासन ने राहत की सांस ली।













