Advertisement

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एक सप्ताह तक चला निशुल्क योग शिविर, सैकड़ों लोगों ने किया योगाभ्यास

 

जौनपुर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मीरा वेलफेयर ट्रस्ट के बैनर तले आयोजित एक सप्ताहीय निशुल्क योग प्रशिक्षण शिविर का रविवार को सफल समापन हुआ। रामलीला मैदान, उर्दू बाजार में आयोजित इस शिविर का संचालन जनपद की चर्चित योग संस्था ऋषि योग संस्थान की निदेशक रजनी साहू के नेतृत्व में किया गया।

शिविर का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के खेलकूद एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया था। पूरे सप्ताह योग प्रशिक्षकों द्वारा नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी योग क्रियाओं का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया।

विश्व योग दिवस के अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों ने शिविर में पहुंचकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम में नगर उत्तरी भाजपा इकाई के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रमुख रूप से नगर महामंत्री श्रीकृष्ण साहू, नगर अध्यक्ष सुवर्णिमा जायसवाल, नगर मंत्री मुकेश ओम, राकेश श्रीवास्तव, विकास अग्रहरि, नीतू गुप्ता तथा प्रभारी रविंद्र चौहान उपस्थित रहे।

एक सप्ताह तक चले इस योग शिविर में नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, भाजपा महामंत्री पियूष गुप्ता, जिला अध्यक्ष अजीत प्रजापति, सेवा भारती के विभागाध्यक्ष डॉ. तेज सिंह, जिला संघ चालक डॉ. सुभाष सिंह, सहकार भारती के जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ‘रिंकू’, वरिष्ठ पत्रकार विश्व प्रकाश श्रीवास्तव, रामजी साहू, नारायण चौरसिया, अनिल गुप्ता, प्रीति गुप्ता एवं देवेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर योगा फेडरेशन की अध्यक्ष एवं ऋषि योग संस्थान की संचालिका रजनी साहू ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव होता है, मानसिक तनाव कम होता है और व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहकर समाज और राष्ट्र के विकास में बेहतर योगदान दे सकता है।

कार्यक्रम के अंत में योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया गया।

Amanki Shaan News