Advertisement

पीएम सूर्य घर योजना में जौनपुर ने बनाई नई मिसाल, लक्ष्य के सापेक्ष 130% सोलर इंस्टालेशन पूरा

 

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की उपलब्धियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि जून 2026 तक जनपद में 5044 सोलर इंस्टालेशन का कार्य पूरा हो चुका है।

उन्होंने बताया कि जून माह में 600 सोलर इंस्टालेशन का लक्ष्य निर्धारित था, जिसके सापेक्ष 780 इंस्टालेशन कराकर जनपद ने 130 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जौनपुर को सीएम डैशबोर्ड में ‘ए’ श्रेणी प्राप्त हुई है।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बैंक एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोलर इंस्टालेशन से जुड़े सभी लंबित मामलों की स्पष्ट रिपोर्ट 9 जुलाई 2026 तक प्रस्तुत की जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के खंड-2 एवं खंड-4 के अधिकारियों को नेट मीटर कॉन्फिगरेशन और लंबित निरीक्षण कार्य जल्द पूरा कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने डिफॉल्टर सोलर वेंडरों के विरुद्ध आरसी जारी करने के निर्देश भी दिए। साथ ही योजना के लाभार्थियों से अपील की कि वे प्राथमिकता के आधार पर अपना बकाया बिजली बिल जमा करें, ताकि निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अनुदान की राशि शीघ्र उनके खातों में भेजी जा सके।

बैठक में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, विद्युत विभाग, बैंक अधिकारियों तथा पंजीकृत सोलर वेंडरों ने भाग लिया।

Amanki Shaan News