जौनपुर। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान के तहत जौनपुर पुलिस ने एक बार फिर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। साइबर क्राइम थाना एवं जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से 151 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जनपद में अब तक 1,791 गुमशुदा मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 3.60 करोड़ रुपये है, बरामद कर उनके मालिकों को वापस दिलाए जा चुके हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में साइबर क्राइम थाना और जनपद की साइबर सेल ने की।
पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल जौनपुर के अलावा आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़, भदोही समेत कई जनपदों तथा दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान से भी रिकवर किए गए हैं। बरामद मोबाइलों में वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग सहित विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं।
मोबाइल स्वामियों को फोन सौंपते हुए क्षेत्राधिकारी (नगर) गोल्डी गुप्ता ने कहा कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना दर्ज कराने के साथ ही CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे बड़ा हथियार है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत करें अथवा www.cybercrime.gov.in� पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक या क्यूआर कोड पर क्लिक न करें, ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा अज्ञात व्यक्ति के कहने पर रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड करने से बचें। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने जौनपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए खुशी जताई।











