जौनपुर। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के शाहगंज पड़ाव स्थित पानी टंकी के पास शनिवार देर शाम लगभग 9:30 बजे तेज रफ्तार और कथित रूप से नशे की हालत में ट्रक चला रहे चालक ने एक युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, शहर के मोहल्ला फिरोज शाहपुर निवासी यूसुफ (30 वर्ष), पुत्र याकूब, अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उन्हें टक्कर मारते हुए कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया। हालांकि परिजन बाद में उसे शहर के नईगंज स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद जब लोगों ने ट्रक चालक को पुलिस पिकेट के पास घेरकर रोकने का प्रयास किया तो वह हाथ में लोहे की रॉड लेकर लोगों को धमकाने लगा। इस दौरान उसने कथित तौर पर एक विशेष जाति का नाम लेते हुए लोगों की ओर रॉड लहराई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। यदि जातिसूचक टिप्पणी किए जाने की शिकायत या साक्ष्य प्राप्त होते हैं, तो उसकी भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











