जौनपुर। आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, नागपंचमी और चेहलुम को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और मुख्यमंत्री स्वयं इसकी नियमित समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि त्रिलोचन महादेव, गौरीशंकर धाम, चौकिया धाम समेत प्रमुख मंदिरों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी।
कंट्रोल रूम सक्रिय रहेंगे, भीड़ नियंत्रण के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग मार्ग बनाए जाएंगे तथा महिला पुलिस बल सहित पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा। कांवड़ मार्गों पर आवश्यक ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जाएगा।
मानसून को देखते हुए जिला अस्पताल, महिला अस्पताल और सभी सीएचसी में एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ मार्गों पर हेल्थ बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, ओआरएस और आवश्यक दवाएं उपलब्ध रहेंगी।
नगर निकाय और पंचायत विभाग को मंदिरों व सार्वजनिक स्थलों पर कांवड़ रखने की व्यवस्था, स्वच्छता और पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग को बैरिकेडिंग, कतार प्रबंधन और सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने को कहा गया। जलाशयों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती भी अनिवार्य की गई है।
डीएम ने स्पष्ट किया कि डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्र निर्धारित ध्वनि सीमा के अनुसार ही संचालित होंगे तथा त्योहारों के दौरान कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। कांवड़ मार्गों और मंदिरों के आसपास की दुकानों व ढाबों पर रेट लिस्ट और मेन्यू कार्ड प्रदर्शित करना भी अनिवार्य रहेगा।
बैठक में सोशल मीडिया पर अफवाहों और भड़काऊ सामग्री की निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें। उन्होंने कहा कि जौनपुर की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखते हुए सभी त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाए जाएं।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी परमानंद झा, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, एसडीएम सदर योगिता, सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता सहित जिला स्तरीय अधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।













