जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भन्नौर और जयगोपालगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित मिले। अस्पतालों में आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गईं तथा स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाएं संतोषजनक रहीं।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी और कर्मचारी समय से अस्पताल पहुंचकर प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में वायरल फीवर के बढ़ते मामलों को देखते हुए अधिक से अधिक आवश्यक जांच कराई जाए तथा मरीजों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लोगों को वायरल संक्रमण से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया जाए।
सीएमओ ने एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) और एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) की उपलब्धता का भी जायजा लिया। दोनों जीवनरक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिलीं। उन्होंने चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी इनकी निर्बाध एवं सतत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।












