Advertisement

बारिश के कारण एक से आठ तक के स्कूल बंद

 

जौनपुर। जिलाधिकारी के आदेश पर भारी बारिश और जलभराव के कारण कक्षा एक से आठ तक के स्कूल बंद रहेंगे। मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश का अनुमान बताया है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को इस आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। गुरुवार सुबह 4 बजे से मौसम बदल गया था। हल्की हवाओं के साथ सुबह 4 बजे से ही रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से हो रही बारिश अभी भी जारी है, जिससे जिले के तापमान में गिरावट आई है। इस बारिश से किसानों की धान और गन्ने की फसल को काफी फायदा हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे में मध्यम बारिश, हल्की हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

विभाग ने 26 सितंबर तक के लिए भी अलर्ट जारी किया है। इसके तहत जौनपुर जिले के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम तेज बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास मानसून ट्रफ सक्रिय होने के कारण अगले तीन दिनों तक पूर्वांचल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

Amanki Shaan News