जौनपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के मोहल्ला जोगियापुर में स्थित होटल के कमरे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि वाराणसी जनपद के बीरा पट्टी निवासी दिनेश कुमार उम्र लगभग 45 वर्ष पुत्र मेवालाल जोगियापुर में स्थित प्रसाद होटल में शुक्रवार की शाम को आकर रुका हुआ था।
शनिवार की सुबह करीब 10 बजे जब वह कमरे के बाहर नहीं निकला तो कर्मचारियों ने जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। जैसे ही यह खबर होटल में रुके हुए हुए अन्य लोगों को पता चली तो होटल संचालक समेत सभी में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी इलाका पुलिस को दी गई है। जानकारी मिलते ही चौकी इंचार्ज सरायपोखता राहुल रंजन, उप निरीक्षक पारस यादव सहयोगी जवानों के साथ पहुंच गए। पुलिस मृतक के परिजनों का आने का इंतजार कर रही है और मौत का सही कारण जानने के लिए छानबीन करने में जुट गई है। फिलहाल चर्चा में कोई आत्महत्या तो कोई हार्ट अटैक से मौत होने की बात कर रहा है। दूसरी तरफ पुलिस मौत का सही कारण जानने के लिए लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही है।













