Advertisement

सिटी रेलवे स्टेशन पर पटना-कोटा एक्सप्रेस का ठहराव शुरू, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने दिखाई हरी झंडी

 

जौनपुर। प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जौनपुर सदर विधायक गिरीश चंद्र यादव तथा राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने शनिवार को शाम 5:41 बजे जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 13239 पटना-कोटा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसी के साथ जौनपुर सिटी स्टेशन पर इस महत्वपूर्ण ट्रेन का नियमित ठहराव औपचारिक रूप से शुरू हो गया। ट्रेन के प्रस्थान के बाद राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव इसी ट्रेन से लखनऊ के लिए रवाना हुए।

इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि यह जौनपुर के लिए ऐतिहासिक क्षण है। रेल मंत्रालय द्वारा पटना-कोटा एक्सप्रेस का ठहराव स्वीकृत किया जाना क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग का परिणाम है। इससे जौनपुर का सीधा रेल संपर्क राजस्थान से स्थापित हो गया है, जिससे छात्रों, व्यापारियों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार में जौनपुर का निरंतर विकास हो रहा है और जनहित की अनेक योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं।

ट्रेन का ठहराव समय”.

13239 पटना-कोटा एक्सप्रेस: प्रतिदिन आगमन 5:41 बजे, प्रस्थान 5:43 बजे।
13240 कोटा-पटना एक्सप्रेस: प्रतिदिन आगमन 12:35 बजे, प्रस्थान 12:37 बजे।
समारोह में मंडल रेल प्रबंधक, स्टेशन अधीक्षक, पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. रामसूरत मौर्य सहित जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस ट्रेन के ठहराव से कोटा में कोचिंग करने वाले छात्रों, आगरा व मथुरा जाने वाले यात्रियों, मेहंदीपुर बालाजी के श्रद्धालुओं तथा व्यापारियों को विशेष लाभ मिलेगा। इस संबंध में जानकारी राज्यमंत्री के जनसंपर्क अधिकारी मनीष कुमार श्रीवास्तव ने दी।

Amanki Shaan News