जौनपुर। जिलाधिकारी के निर्देश के अनुपालन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में अग्निशमन (फायर सेफ्टी) व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापकों को विद्यालयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को कहा है।
बीएसए समीर ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों में स्थापित अग्निशमन यंत्रों (फायर एक्सटिंग्विशर) की तत्काल जांच कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। जिन विद्यालयों के अग्निशमन यंत्रों की वैधता (एक्सपायरी) समाप्त हो चुकी है, उन्हें बिना विलंब रिफिल कराया जाए अथवा नए यंत्र उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्निशमन उपकरणों को समय पर कार्यशील बनाए रखने से आगजनी जैसी किसी भी आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से बचाव किया जा सकेगा तथा संभावित जनहानि और दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय प्रधानाध्यापकों को निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के साथ नियमित रूप से अग्निशमन व्यवस्था की निगरानी करने के भी निर्देश दिए हैं।










