जौनपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 29 जून 2026 को जौनपुर में महान राष्ट्रभक्त एवं दानवीर शिरोमणि भामाशाह की जयंती ‘व्यापारी कल्याण दिवस’ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई।
राज्य कर विभाग द्वारा आयोजित समारोह में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव मुख्य अतिथि तथा जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भामाशाह के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका और दानवीर भामाशाह के त्याग एवं योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला।राज्य कर विभाग के उपायुक्त अक्षय लाल ने अतिथियों का स्वागत किया।
विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में जनपद के आर्थिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 8 बड़े करदाताओं को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में व्यापारियों के हित, सुरक्षा और उनके योगदान पर भी विस्तार से चर्चा हुई। संस्कृति विभाग की ओर से राहुल पाठक ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांधा।
कार्यक्रम का संचालन उपायुक्त राज्य कर वरुण कुमार त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर राज्य कर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न व्यापार मंडलों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्र और समाज के विकास में व्यापारियों की भागीदारी को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।












