जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी एक छात्रा की यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देकर लौटते समय सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
मालूम हो कि इसी थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी 22 वर्षीय अंजली यादव पुत्री फूलचंद यादव बुधवार को अपने चाचा जगदीश यादव के साथ बाइक से गाजीपुर जिले में यूपी पुलिस की परीक्षा देने गई हुई थी। मृतका के चाचा परीक्षा खत्म होने के बाद बुधवार की देर शाम करीब 7 बजे अपनी बाइक से अपनी भतीजी अंजली को लेकर वापस घर जा रहें थें कि रेलवे क्रॉसिंग के पास आजमगढ़ की तरफ से आ रही ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दिया। इस टक्कर में अंजली की मौके पर मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे उसके चाचा बाल-बाल बच गए।
घटना की जानकारी होने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने छात्रा की लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि घटना के बाद ट्रेलर चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया है। इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि ट्रेलर पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मृतक छात्रा के चाचा की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है।
“दानिश हसन”






