Advertisement

इमामपुर में नाला सफाई का कार्य शुरू, सीमांकन के बाद फिर शुरू होगा अभियान

पत्रकार दानिश इकबाल

 

जौनपुर। जनपद के विकासखंड खुटहन इमामपुर क्षेत्र में लंबे समय से लंबित नाला सफाई कार्य का शनिवार को शुभारंभ किया गया, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण कार्य बीच में ही रोकना पड़ा। अब राजस्व विभाग द्वारा नाले का सीमांकन कराने के बाद सफाई और निर्माण कार्य दोबारा शुरू किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, समाजसेवी सुजीत वर्मा द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत के माध्यम से आराजी संख्या 249 (पुराना नंबर 125) स्थित नाले की सफाई शुरू कराई। ग्राम पंचायत सचिव कृष्णा चंद्र यादव की देखरेख में कार्य चल रहा था।

इसी दौरान स्थानीय निवासी छंगन लाल सोनी द्वारा आपत्ति जताए जाने पर सफाई कार्य पूरी तरह नहीं हो सका और इसे अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, अब राजस्व विभाग नाले का विधिवत सीमांकन करेगा। सीमांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार नाला सफाई और आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाएगा।

प्रार्थी सुजीत वर्मा ने बताया कि वह इस मामले में कानूनी प्रक्रिया का पालन करेंगे और उन्हें उम्मीद है कि सीमांकन के बाद नाले की सफाई एवं निर्माण कार्य पूरा होगा, जिससे क्षेत्रवासियों को जलनिकासी की समस्या से राहत मिलेगी।
उधर, बरसात के मौसम को देखते हुए अधूरा पड़ा नाला सफाई कार्य ग्रामीणों की चिंता का कारण बना हुआ है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सीमांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराकर नाले की सफाई एवं निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

Amanki Shaan News