जौनपुर। जिले के जफराबाद में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या की जानकारी मिलने के बाद आज सोमवार के दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पर पहुंचेंगे। अजय राय बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में पीड़ित परिवार से मुलाकात कर परिजनों का हालचाल जानेंगे और न्याय का भरोसा दिलाएंगे।
उसके बाद जेवलिन थ्रोअर रोहित यादव के परिवार से भी अजय राय मिलेंगे। जौनपुर के दौर पर अजय राय कुल मिलाकर दो परिवारों से मुलाकात करेंगे। बता दें कि बीते कुछ दिनों पहले जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र में एक दरिंदे ने चार साल की बच्ची लाडो का पहले अपहरण किया उसके बाद रेप और हत्या करके उसकी लाश को झाड़ियों में फेंक दिया।
मृतक लाडो अपनी मां के साथ रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गई थी। रात में लापता हो गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खून के धब्बों और गुटखे के पैकेट के सुराग के आधार पर 40 साल के साहब लाल निषाद नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि इससे पहले भी घटना की जानकारी होने पर अजय राय ने विडियो कॉल के जरिए बच्ची के परिवार वालों से बातचीत करके उनके दुख को सुना था। अब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय खुद पीड़ित परिवार से मिलने के लिए वहां पहुंचने वाले हैं।












