जौनपुर। जिले के थाना जफराबाद में बीते कुछ दिनों पहले चार वर्षीय मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में जानकारी मिलने के बाद सोमवार के दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। अजय राय ने इस मामले को लेकर बताया कि अपहरण, बलात्कार और फिर निर्मम हत्या की हृदयविदारक घटना से मन अत्यंत व्यथित और आक्रोशित है।
आज सोमवार के दिन जफराबाद में स्थ्ति काजी आहादनुर नावघाट पर पहुंच कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मृतक बच्ची के परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। आगे उन्होंने कहा कि इस असीम दुःख की घड़ी में हम पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
अजय राय ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए यह भी कहा बेटियां कहीं सुरक्षित नहीं हैं। हमारी मांग है कि इस जघन्य अपराध के दोषियों को ऐसी कठोरतम सजा दी जाए जो एक नजीर बने। इस मामले को लेकर अजय राय ने न्याय दिलाने की बात भी कही है।












