जौनपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी मसालों के भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत जनपद के विभिन्न बाजारों में कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। विभाग ने कुल सात मसालों के नमूने लिए और लगभग 11 क्विंटल 24 किलोग्राम मसाले जब्त किए, जिनका अनुमानित मूल्य 1,73,480 रुपये है।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य-।।) मंजुला सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल के नेतृत्व में की गई। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए मसालों को नियमानुसार सीज कर दिया गया है। नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि पचहटियां बाजार विशेषरपुर स्थित मां शीतला ट्रेडिंग कंपनी से धनिया पाउडर का एक नमूना लिया गया। यहां से लगभग 360 किलोग्राम धनिया पाउडर जब्त किया गया, जिसका अनुमानित मूल्य 50,400 रुपये है। इसी प्रतिष्ठान से लाल मिर्च पाउडर का भी एक नमूना लिया गया और लगभग 750 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर जब्त किया गया, जिसका अनुमानित मूल्य 1,20,000 रुपये है। जबकि मतापुर जगदीशपट्टी स्थित क्यारी एग्रो से खिचड़ी मसाला का एक नमूना लिया गया। यहां से लगभग 14 किलोग्राम खिचड़ी मसाला जब्त किया गया, जिसका अनुमानित मूल्य 3,080 रुपये है। धौरइल गांव शाहगंज स्थित प्रतिमा इंटरप्राइजेज से लाल मिर्च पाउडर, कलेक्टरगंज शाहगंज स्थित शाहगंज ट्रेडिंग कंपनी से मिक्स मसाला पाउडर (एम.डी.एच. ब्रांड) का, केवटली महराजगंज बाजार बदलापुर स्थित प्यारेलाल हनुमानदीन से हल्दी पाउडर (आर.एल. ब्रांड), सोईथा शीतलगंज बाजार स्थित एक थोक विक्रेता से सब्जी मसाला (पतंजलि ब्रांड) के एक-एक नमूने लिए गए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।











