जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर बाजार में सोमवार के दिन बोलेरो वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हुए साइकिल सवार वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थानाध्यक्ष सत्येंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि राजेपुर गांव निवासी हौसिला मिश्र (65) सोमवार को साइकिल से अपने घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित रामेश्वर धाम त्रिमुहानी दर्शन करने गए थे।
लौटते समय राजेपुर बाजार में गुलाब मौर्य की दुकान के सामने पीछे से आ रही बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर विद्या सिंह के मकान का दरवाजा तोड़ते हुए अंदर घुस गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल हौसिला मिश्र को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।









