जौनपुर। जिले के प्राथमिक विद्यालय परियावा बनपुरवा में लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय की छुट्टी के बाद प्रधानाचार्य सहित दोनों शिक्षक स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा-1 के एक छात्र को अंदर छोड़कर विद्यालय में ताला लगाकर अपने घर चले गए।
बताया जा रहा है कि करीब दो घंटे बाद जब छात्र घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसकी तलाश करते हुए विद्यालय पहुंचे। वहां स्कूल का मुख्य गेट बंद था और छात्र अंदर फंसा हुआ मिला। यह देखकर परिजनों में आक्रोश फैल गया।
सूचना मिलने पर शिक्षक विद्यालय पहुंचे और ताला खोलकर छात्र को बाहर निकाला। घटना के बाद अभिभावकों ने संबंधित शिक्षकों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।












