जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र के सोंगर गांव निवासी युवक की खाड़ी देश कुवैत में सड़क हादसे के दौरान मौत हो गई है। मृतक युवक की पहचान 23 वर्षीय मोहम्मद अहमद के रूप में हुई है। सड़क हादसे में युवक की मौत होने की खबर जैसे ही शनिवार को युवक के परिजनों को लगी तो कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय अहमद करीब डेढ़ वर्ष पहले अपनी रोजी-रोटी कुवैत वाहन चालक के रूप में कार्यरत थे। किसी कार्य से वह अपने मालिक के साथ कुवैत से सऊदी अरब गए थे। इसी दौरान उनकी कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में मो. अहमद, उनके मालिक समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
मो. अहमद अपने दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़े थे। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके पिता खेती-किसानी करते हैं, जबकि घर की आर्थिक स्थिति को संभालने में मो. अहमद की कमाई महत्वपूर्ण सहारा थी।












