Advertisement

न्याय की मांग पर अड़े परिजनों ने दो दिन रोके रखा अंतिम संस्कार, आश्वासन के बाद दी मुखाग्नि

 

जौनपुर। चर्चित अजय सिंह हत्याकांड के बाद जिले में बने तनावपूर्ण माहौल के बीच आखिरकार 48 घंटे बाद मृतक अजय सिंह का अंतिम संस्कार संपन्न हो गया। प्रशासनिक कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया था और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए थे।

बताया जाता है कि 10 जून की रात पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में आधा दर्जन से अधिक लोगों ने 45 वर्षीय अजय सिंह पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया था। गंभीर रूप से घायल अजय सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बना रहा।

करीब दो दिनों तक परिजन न्याय की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इंकार करते रहे। गुरुवार को पूर्व गृह राज्यमंत्री एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह मृतक के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, एसडीएम सदर और सीओ सदर से वार्ता कर परिजनों की मांगों को गंभीरता से लेने का आग्रह किया।

कृपाशंकर सिंह ने परिवार को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उनके आश्वासन तथा प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई के भरोसे के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हो गए। इसके बाद अजय सिंह का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया।

हत्याकांड के बाद गांव में व्याप्त तनाव के बीच कृपाशंकर सिंह की पहल को अहम माना जा रहा है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपितों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

“दानिश इकबाल”

Amanki Shaan News