Advertisement

पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, छात्रों का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

पत्रकार दानिश इकबाल

 

जौनपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को जौनपुर में छात्र-छात्राओं ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किया।

टीडी कॉलेज से शुरू हुई रैली अंबेडकर तिराहे होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरकर कलेक्ट्रेट पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

रैली में शामिल छात्र-छात्राएं “इंकलाब जिंदाबाद”, “मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी” और “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो” जैसे नारे लगाते हुए आगे बढ़े। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की।

बाद में छात्रों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति एवं केंद्र सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार किए जाने की मांग की गई।

शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया।

Amanki Shaan News