Advertisement

नगर निकायों की समीक्षा बैठक में डीएम सैमुअल पाल एन. के सख्त निर्देश

पत्रकार दानिश इकबाल

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने नगर क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट निर्माण कराने तथा जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों के रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आगामी शीतकालीन मौसम को देखते हुए उन्होंने सभी नगर निकायों में पर्याप्त रैन बसेरों की व्यवस्था करने को कहा, ताकि निराश्रित लोगों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों को भी अस्थायी रूप से सुरक्षित ठहरने की सुविधा मिल सके।

बैठक में डीएम ने सरकारी भवनों की दीवारों पर शासन की जनकल्याणकारी एवं जागरूकता संबंधी योजनाओं की आकर्षक पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निकायों में संबंधित थाना प्रभारियों के समन्वय से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने पर जोर दिया, जिससे कानून-व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।

उन्होंने नगर निकायों में सिटी फॉरेस्ट विकसित करने, अधिकाधिक पौधरोपण एवं हरित क्षेत्र बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने तथा पब्लिक एनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से इन निर्देशों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ठ, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Amanki Shaan News