जौनपुर। शासन के निर्देश के क्रम में 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिसके क्रम में आज प्रातःकाल लोहिया पार्क, श्री हनुमान मंदिर, गौराबादशाहपुर सहित अन्य स्थानों पर योग शिविर आयोजित किए गए।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश दयाशंकर मिश्र दयालु, प्रमुख सचिव आयुष विभाग रंजन कुमार, विशेष सचिव आयुष विभाग श्री मदन सिंह गर्ब्याल तथा मिशन निदेशक आयुष विभाग चैत्रा वी. जी. के कुशल नेतृत्व में एवं जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी जौनपुर डॉ. कमल के द्वारा आयोजित शिविरों में योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया गया।
लोहिया पार्क में योग प्रशिक्षक अरविंद कुमार यादव ने उपस्थित लोगों को आसन, प्राणायाम, बंध एवं ध्यान का विधिवत अभ्यास कराया तथा नियमित योग के लाभों के बारे में जानकारी दी।
वहीं श्री हनुमान मंदिर, गौराबादशाहपुर में योग प्रशिक्षक श्री योगेश दत्त शुक्ल ने योग साधकों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, जोड़ों के दर्द में राहत, पाचन तंत्र को सक्रिय करने एवं फेफड़ों को मजबूत बनाने हेतु विभिन्न सूक्ष्म व्यायाम एवं योगासनों का अभ्यास कराया।
शिविर में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, वक्रासन, पवनमुक्तासन, भुजंगासन, अर्द्धचंद्रासन, अर्द्धचक्रासन, पादहस्तासन तथा गोमुखासन सहित अनुलोम-विलोम, भस्त्रिका, शीतली, शीतकारी एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को शुद्ध एवं संतुलित आहार अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए नियमित योग करने हेतु प्रेरित किया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं योग साधकों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया।












