जौनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय विकास के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को जौनपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद कुंवर कुसुमेश सिंह “पिंटू” उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं ने आम जनता को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। आयुष्मान भारत योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा कुपोषण उन्मूलन अभियान जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें गंभीर बीमारियों के उपचार हेतु निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। साथ ही कुपोषण से जूझ रहे बच्चों को पोषण पोटली वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों एवं आईडीएसपी (IDSP) के अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और समर्पण के कारण ही सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में जनपद स्तरीय अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ चिकित्सकों, कार्यक्रम प्रबंधकों तथा बड़ी संख्या में स्वास्थ्य कर्मियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. यशोश्री अवस्थी द्वारा किया गया।
स्वास्थ्य जागरूकता, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार और उत्कृष्ट सेवाओं के सम्मान के इस आयोजन ने स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया।












