जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव में रविवार की शाम को ट्रैक्टर के नहर में पलटने से चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरा साथ घायल हो गया है। दुदौली गांव निवासी ट्रैक्टर चालक 30 वर्षीय सूरज सरोज रविवार के दिन अपने दूसरे साथी मुन्ने गौड़ के साथ मछलीशहर से अपने ट्रैक्टर की सर्विसिंग कराने के बाद वापस घर लौट रहा था। ट्रैक्टर जब हरदुआ गांव पहुंची तो वह आचानक अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। इस हादसे में चालक व उसका साथी दोनों ट्रैक्टर के नीचे दब गए। घटना के बाद जुटी लोगों की भीड़ ने दोनों को किसी तरह बाहर निकाला और जानकारी पुलिस को दे दी। जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने चालक की लाश को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल हुए युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। बता दें कि मृतक सूरज का एक चार साल का बेटा भी है। चालक की मौत की खबर मिलते ही पत्नी समेत परिजनों में कोहराम मच गया है।













