Advertisement

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जौनपुर में योग सप्ताह शुरू, सैकड़ों लोगों ने किया अभ्यास

 

जौनपुर। शासन के मंशानुरूप जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन के निर्देश के क्रम में 12 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के योग सप्ताह के प्रथम दिवस का शुभारंभ पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपा शंकर सिंह के द्वारा लोहिया पार्क में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल का पूर्वाभ्यास पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अचल हरीमूर्ति और मुख्य योग शिक्षक अरविंद कुमार के द्वारा कराया गया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल के पूर्वाभ्यास के तहत गर्दन, कंधो और कमर से संबंधित होनी वाली समस्याओं सर्वाइकल, स्पोंडिलाइटिस, कमर और रीढ़ की हड्डी से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु विभिन्न प्रकार के सरल और सहज व्यायामों का अभ्यास कराया गया।

शारीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ता के लिए खड़े होकर, बैठकर और पेट व पीठ के बल लेटकर किये जाने वाले आसनों का अभ्यास कराया गया, जिसमें मुख्य रूप से ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंध आसन, उत्तानपादासन,पवन मुक्तासन के साथ शव आसन या योग निद्रा का अभ्यास रहा। योग सप्ताह के अंतर्गत लोहिया पार्क में संगीतमय योगाभ्यास कराया जा रहा है।

स्वास्थ्य की दृष्टि से प्राणायामों के साथ ध्यान का विशेष महत्व होता है और प्रोटोकॉल के तहत कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और उद्गगीथ प्राणायामों के साथ शीतली और सित्कारी प्राणायामों के साथ ध्यान का अभ्यास कराया गया।

इस दौरान पूर्व गृृृृहराज्य मंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के प्रति सदैव जागरूक रहना चाहिए जिसके लिए मध्यम गति के साथ लम्बी दूरी तक टहलना या किसी खेल को खेलकर अथवा नियमित योग को अपनी जीवन शैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाकर अपने स्वास्थ्य को सर्वोत्तम बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं युनानी अधिकारी डॉ कमल, जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह, आयुष विभाग के समस्त स्टाफ के साथ सभी योग प्रशिक्षकों के साथ सैकड़ों की संख्या में विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहे।

Amanki Shaan News