Advertisement

विश्व डेंगू दिवस पर चला जागरूकता अभियान, लोगों को बताए गए बचाव के उपाय

 

जौनपुर। विश्व डेंगू दिवस के अवसर पर जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव के निर्देशन में जनपद भर में डेंगू जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सहायक मलेरिया अधिकारी संजीव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में ब्लॉक जलालपुर के उदपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संदीप पटेल के सहयोग से जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान ग्रामीणों को डेंगू एवं अन्य मच्छर जनित बीमारियों के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई तथा पोस्टर एवं पंपलेट वितरित किए गए।

वहीं सहायक मलेरिया अधिकारी अशोक कुमार द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करंजाकला में गोष्ठी आयोजित कर डेंगू से बचाव संबंधी पोस्टर प्रदर्शित किए गए। नगरीय क्षेत्र के प्रेमराजपुर में मलेरिया निरीक्षक चंद्रेश कुमार पटेल के नेतृत्व में टीम ने डेंगू निरोधात्मक गतिविधियां संचालित कीं। इस दौरान ब्रीडिंग सोर्स सर्वे, ब्रीडिंग सोर्स रिडक्शन, स्वास्थ्य शिक्षा, एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव तथा जनजागरूकता अभियान चलाया गया।

जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव ने बताया कि डेंगू मादा एडीज मच्छर के काटने से फैलने वाला वायरस जनित रोग है। यह मच्छर साफ और रुके हुए पानी में पनपता है तथा मुख्य रूप से दिन के समय, विशेषकर सुबह और शाम के दौरान काटता है। इसके शरीर पर काले-सफेद धब्बे होते हैं, इसलिए इसे टाइगर मच्छर भी कहा जाता है।

उन्होंने बताया कि तेज बुखार, हड्डियों और जोड़ों में दर्द, शरीर पर चकत्ते, भूख न लगना, उल्टी, मितली, प्लेटलेट्स में कमी और रक्तस्राव जैसे लक्षण डेंगू के संकेत हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर निःशुल्क जांच और उपचार कराना चाहिए।

उन्होंने बताया कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, जिला अस्पताल तथा मेडिकल कॉलेज में डेंगू की जांच एवं उपचार की व्यवस्था उपलब्ध है। जिला चिकित्सालय में एलाइजा जांच मशीन, आइसोलेटेड डेंगू वार्ड तथा ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर मशीन भी उपलब्ध है।

जिला मलेरिया अधिकारी ने लोगों से अपील की कि घर और आसपास साफ-सफाई रखें, जलभराव न होने दें, कूलर व फ्रिज ट्रे का पानी सप्ताह में एक बार अवश्य बदलें तथा पानी की टंकियों को ढककर रखें। डेंगू संक्रमित मरीज पर्याप्त आराम करें, तरल पदार्थों का अधिक सेवन करें और बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई दवा न लें।

Amanki Shaan News