जौनपुर: केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मेडिकल कॉलेज, जौनपुर में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले (14 जून से 16 जून, 2026) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव रहे।
माननीय मंत्री ने फीता काटकर, दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए उनके आगमन के लिए आभार व्यक्त किया तथा स्वास्थ्य शिविर की गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।
प्रधानाचार्य प्रो0 आर0बी0 कमल ने बताया कि कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा डाल्हनपुर, सिद्दीकपुर, खम्हौरा, जगदीशपुर, सैदपुर गड़उर एवं कोठवार सहित कई गांवों को गोद लिया गया है। इन गांवों में मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र समय-समय पर घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हैं तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान करते हैं, तथा साथ ही मौके पर शुगर, रक्तचाप एवं अन्य आवश्यक जांचों की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज की आपातकालीन सेवाएं 24×7 संचालित हैं तथा आमजन को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है। शीघ्र ही रेडियोलॉजी विशेषज्ञ की नियुक्ति होने वाली है तथा वर्ष के अंत तक अस्पताल में आईपीडी सेवाएं प्रारंभ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्री गिरीश चन्द्र यादव ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने प्रधानमंत्री जन औषधि योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग भी बड़े अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त कर पा रहा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वास्थ्य मेले एवं चिकित्सा शिविर का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
मंत्री ने आश्वासन दिया कि मेडिकल कालेज जौनपुर के विकास एवं सुविधाओं के विस्तार हेतु आवश्यक प्रयास निरन्तर कर रहें है, जिससे जौनपुर एवं आसपास के जिलों की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.ए. जाफरी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। और मंत्री को अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली, मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं तथा भविष्य की विकास योजनाओं के सबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने माननीय मंत्री से अस्पताल का भौतिक निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम के उपरांत मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण किया तथा इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार, चिकित्सकों की उपलब्धता एवं अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न ओपीडी विभागों का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विभाग में पहुंचकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया तथा विभाग की चिकित्सक डॉ. राजश्री यादव से परामर्श प्राप्त किया। उन्होंने डॉ. राजश्री यादव की सेवाभावना एवं कार्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सकों की समर्पित सेवा ही समाज में डॉक्टरों को भगवान का दूसरा रूप कहलाने का आधार प्रदान करती है।
कार्यक्रम का सफल आयोजन कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागध्यक्ष डा0 अनुज सिंह तथा चिकित्सा शिक्षक- डा0 मुदित चैहान, डा0 नवीन सिंह, डा0 पूजा पाठक, डा0 अनिल कुमार, एवं अन्य चिकित्सक व कर्मचारी के समर्पित सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य प्रो0 आशीष यादव, डीन अकादमी प्रो0 तबस्सुम यासमिन एवं कालेज के अन्य चिकित्सा शिक्षक- डा0 जितेन्द्र कुमार, डा0 चन्द्रभान, डा0 संजीव यादव, डा0 आनन्द सिंह, डा0 श्वेता सिंह, डा0 दीपिका शाव, डा0 प्रतिभा सिंह, डा0 अवधेश गुप्ता, डा0 फरहत फातिमा, डा0 पंकज कुमार, डा0 संदीप सिंह एवं कर्मचारी तथा मरीज एवं उनके तीमारदार उपस्थित रहें।
“शंभू विश्वकर्मा”













