जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के प्रभु ढाबा के पास गुरुवार देर रात यूनियन बैंक के रीजनल मैनेजर ने चलती कार में सीने के पास तमंचा सटाकर गोली मार ली। गोली लगने के बाद अनियंत्रित हुई उनकी टाटा सिएरा कार सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और कार से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय दुर्गेश श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से लखनऊ के गुडंबा के रहने वाले थे और वर्तमान में जौनपुर शहर के वन विहार इलाके में अपनी पत्नी रचना के साथ रहते थे। उनकी तैनाती जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर सुजानगंज थाना क्षेत्र की सराय पड़री शाखा में बैंक मैनेजर के पद पर थी।
गुरुवार देर रात वह अपनी कार से जा रहे थे, तभी बक्शा थाना क्षेत्र के प्रभु ढाबा के पास उन्होंने चलती गाड़ी में दिल के पास तमंचा सटाकर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ को चीरते हुए गाड़ी की सीट में जा धंसी, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
घटनास्थल पर पहुंचे राहगीरों और आसपास के लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त कार का शीशा तोड़कर गंभीर रूप से घायल बैंक मैनेजर को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम के साथ साक्ष्य जुटाए।
मृतक की पत्नी रचना ने पुलिस को बताया कि उनके पति पिछले एक हफ्ते से काफी मानसिक तनाव में चल रहे थे। परिजनों द्वारा कारण पूछने पर उन्होंने कुछ नहीं बताया था। पुलिस ने वाहन से मिले सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच शुरू कर दी है।













