Advertisement

अनियंत्रित कार स्ट्रीट लाइट खंभे से टकराई

 

जौनपुर। जिले में दिलावरपुर स्थित चंडिका धाम मंदिर के पास शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे एक कार अनियंत्रित होकर स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा उखड़कर सड़क किनारे गिर गया और कार भी पलट गई।

हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार में फंसे चालक हर्ष को सुरक्षित बाहर निकाला। हर्ष मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के मोकलपुर गांव का रहने वाला है।

हर्ष ने बताया कि वह जिम जा रहा था। चंडिका देवी धाम के पास सामने से एक बाइक ओवरटेक करते हुए आ रही थी। उसे बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित होकर स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराकर पलट गई।

हादसे में कार और स्ट्रीट लाइट का खंभा दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलने पर मड़ियाहूं नगर पंचायत के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आगे की कार्रवाई शुरू की।

Amanki Shaan News