जौनपुर। सिकरारा भभौरी गांव स्थित गोदाम बाजार चौराहे पर रविवार रात ज्वेलर्स की दुकान के बरामदे में सो रहे अधेड़ की सिर कूचकर हत्या कर दी गई। सोमवार भोर करीब तीन बजे बाजारवासियों को घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जांच में पुलिस जुटी है। मृतक की पहचान भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव (50) के रूप में हुई।
बाजारवासियों के अनुसार उदयराज करीब 15 वर्षों से इसी बाजार में घूमता रहता था और रात में विंध्यवासिनी ज्वेलर्स की दुकान के बरामदे में सो जाता था। वह किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं करता था और घर पर भी कभी-कभार ही जाता था।
सिकरारा-बरईपार मार्ग स्थित गोदाम बाजार में खपरहां गांव निवासी हिमांशु सेठ विंध्यवासिनी ज्वेलर्स के नाम से दुकान चलाते हैं। सोमवार सुबह दुकान का ताला टूटा मिला, हालांकि दुकान से कोई सामान गायब नहीं हुआ।
दुकान के बरामदे में ही उदयराज नियमित रूप से सोता था। पुलिस के अनुसार, उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार कर हत्या की गई। खून के छींटे दुकान की दीवार पर पड़े थे और आसपास काफी खून फैला हुआ था।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अतीस कुमार, सीओ सदर सम्यक चौधरी, थानाध्यक्ष तेजबहादुर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आसपास के थानों की फोर्स भी बुला ली गई। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। उदयराज चार भाइयों में से था।
उसके भाई अभयराज और छविराज यादव की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि छोटा भाई दीपराज मुंबई में रहता है।
मां उभयराजी देवी उर्फ भुटका सहित परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और रोने-बिलखने लगे। पुलिस दुकानदार और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों और आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।













