Advertisement

हत्या के मामले में 12 घंटे में तीन आरोपी गिरफ्तार

 

जौनपुर। सिकरारा थाना क्षेत्र के गोदाम चौराहा पर दुकान के बाहर सो रहे उदयराज यादव की सिर पर लोहे की रॉड से वार कर हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर की सुबह गोदाम चौराहा स्थित दुकान के बाहर भभौरी निवासी उदयराज यादव पुत्र स्व. इन्द्रदेव यादव मृत मिले थे। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना पर पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने तीन पुलिस टीमों का गठन किया। जांच के दौरान पुलिस को चार आरोपियों के नाम सामने आए। इसके बाद आकाश गौतम, शेर बहादुर उर्फ शेरा और सूरज गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि रामू गौतम फरार है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शराब के आदी हैं और पैसों की जरूरत के चलते दुकान में चोरी का प्रयास करने पहुंचे थे। इसी दौरान पास में सो रहे उदयराज के जागने और पहचान लिए जाने के डर से उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने मामले में मुकदमा अपराध संख्या 334/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में कार्रवाई की है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।

Amanki Shaan News